पानीपत : पराली प्रबंधन कई राज्यों में बड़ी समस्या बना हुआ है। इस समस्या के कारण ही देश के कई राज्यों में प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं अब धान की फसल कटाई का सीजन भी शुरू हो चुका है और पराली प्रबंधन करने में किसानों को भी बड़ी समस्या आने वाली है। हरियाणा, उत्तरप्रदेश और पंजाब में पराली प्रबंधन की समस्या काफी ज्यादा है।
अब पराली से मिलेगा छुटकारा
हालांकि सरकार ने पराली को जलाने पर रोक लगा दी है। लेकिन पानीपत रिफाइनरी ने पराली के प्रबंधन की समस्या से किसानो को छुटकारा दिलाने के लिए बड़ा एलान किया है। अब किसान पराली प्रबंधन के साथ साथ अच्छी ख़ासी कमाई भी कर सकेंगे। आइए जानते हैं इस खबर से जुड़ी खास बातें
पानीपत रिफाइनरी किसानों से खरीदेगी पराली
उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की समस्या सबसे ज्यादा है और पराली जलाने के कई मामले भी इन राज्यों से सामने आ चुके हैं। हालांकि सरकार ने साफ कर दिया है कि पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ एफ़आईआर होगी और साथ ही जुर्माना भी देना होगा। लेकिन पराली प्रबंधन करने के लिए एक बड़ी खुशखबरी पानीपत रिफाइनरी से आई है। पानीपत में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड रिफाइनरी ने किसानों से पराली खरीदने का फैसला किया है।
900 करोड़ का प्लांट लगा
अब रिफाइनरी द्वारा किसानों से पराली खरीदी जाएगी और इससे एथनोल बनाने का काम किया जाएगा। इस रिफाइनरी में 900 करोड़ की लागत से इस एथनोल प्लांट को लगाया गया है। इस प्लांट में रोजाना 100 किलोलीटर एथनोल बनाने की क्षमता है। ऐसे में अब किसान पराली प्रबंधन अच्छे से कर सकेंगे और अच्छी कमाई भी हो जाएगी।
इस रेट पर खरीदी जाएगी पराली
जानकारी के अनुसार पराली बेचने के लिए किसानों को पराली की गांठे बनानी होंगी। पराली खरीदने के लिए जिलों में आस पास पराली कलेक्शन केंद्र भी बनाए जाने वाले हैं। फिलहाल तो पानीपत और आस पास के गांवों के किसानों से ही पराली को खरीदा जाएगा। ये पराली 172 रु प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी जाएगी। किसानों की एक एकड़ पराली की गांठों को तैयार करने में 2 हज़ार का खर्च आता है जबकि एक एकड़ पराली 3500 में जाएगी इससे 1500 की सीधी कमाई हो जाएगी।