Delhi: हरियाणा के निवासियों ने समय समय पर न सिर्फ हरियाणा का बल्कि पूरे भारत का नाम भी रोशन किया है। आज हरियाणवी विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं जिससे भारत और हरियाणा को भी नई पहचान मिल रही है। अब हाल ही में हरियाणा के सुरेंद्र पाल राठौर ने विदेश में भारत का नाम ऊंचा किया है।
सुरेंद्र पाल ने कनाडा के सिटी ऑफ विलियम लेक में मेयर का पदभार संभाला है। 22 लंबे राजनीतिक सफर के बाद सुरेंद्र को ये पद हासिल हुआ है। आज पूरा भारत सुरेंद्र पर गर्व कर रहा हैं और उनकी तारीफ भी कर रहा है। सुरेंद्र के मुताबिक कनाडा में इतना लंबा राजनीतिक सफर अब तक किसी भी भारतीय ने तय नहीं किया है।
पिता सेना में दे चुके हैं सेवाएँ
सुरेंद्र पाल का परिवार मूल रूप से पंजाब के फगवाड़ा का रहने वाला है। सुरेंद्र के पिता अवतार सिंह भी सेना में कर्नल के पद पर सेवाएँ दे चुके हैं और उनके भी तबादले होते ही रहते थे इसलिए सुरेंद्र की पढ़ाई भी अलग अलग जगहों से हुई है। सुरेंद्र ने अंबाला कैंट से भी पढ़ाई की है। 1974 में सुरेंद्र कनाडा चले गए थे। यहाँ सुरेंद्र ने कई छोटी बड़ी नौकरी भी की और इलेक्ट्रिशियन का कोर्स भी सीखा। सिटी काउंसिल में भी सुरेंद्र लगातार 21 सालों तक शामिल हुए। उनका जीवन कनाडा में भी संघर्ष भरा रहा है लेकिन सुरेंद्र ने कभी हार नहीं मानी।
कई पुरस्कार से भी हो चुके हैं सम्मानित
सुरेंद्र ने कनाडा में कई सेवाएँ दी हैं और उन्हें उनकी सेवाओं के लिए कई पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। सुरेंद्र को 2002 में क्वीन गोल्ड जुबली अवार्ड, 2005 में बीसी कम्यूनिटी अचिवमेंट अवार्ड, 2012 में क्वीन डायमंड जुबली अवार्ड और 2018 में सावरन मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है। सुरेंद्र कनाडा में अलग अलग संस्थानों से भी जुड़े हुए हैं।