करनाल : दिल्ली में कई घूमने की जगह हैं। इन जगहों पर घूमने के लिए देश विदेश से लोग आते हैं। वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा में भी कई जगह बेहद खास हैं। हरियाणा में भी कई धार्मिक और पर्यटन स्थल हैं जो विशेष महत्व रखते हैं और कम बजट में यहाँ घूमा जा सकता है।
दिल्ली में रहने वालों के लिए भी ये जगह बेहद खास हो सकती हैं क्योंकि इन जगहों की दूरी दिल्ली से ज्यादा नहीं है। आज हम आपको हरियाणा की इन खास जगहों के बारे में ही बताने जा रहे हैं जहां जाकर आप भी प्रकृति के सुंदर नज़रों का लुत्फ उठा सकते हैं। आइए जानते हैं
सुल्तानपुर नेशनल पार्क
ये नेशनल पार्क गुरुग्राम में स्थित है। यदि आपको देसी और विदेशी बर्ड पसंद हैं तो ये जगह आपके लिए बेहद खास हो सकती है। पिकनिक मनाने के लिहाज से भी ये जगह बेहद खास है। दिल्ली के आस पास रहने वाले लोग भी इस नेशनल पार्क का लुत्फ उठाने आते हैं।
गुजरी महल
हिसार का गुजरी महल भी पर्यटक के लिहाज से बेहद खास है। जानकारी के अनुसार इस महल को फिरोजशाह तुगलक ने अपनी प्रेमिका गुजरी के लिए बनवाया था और आज भी इस महल को हिसार में प्रेम प्रतीक के तौर पर देखा जाता है। इसे प्रेम महल भी कहा जाता है।
शिवकुंड
सोहना में शिवकुंड स्थित है। इतिहासकारों के अनुसार ये मंदिर 5000 साल पुराना बताया जाता है। इस कुंड से गर्म पानी आता है और मान्यता ये भी है कि इस कुंड के पानी से स्नान करने से त्वचा संबंधी परेशानी दूर हो जाती है।
कर्ण झील
माना जाता है कि कुंती पुत्र कर्ण इसी झील में स्नान किया करते थे। वहीं इसी जगह पर ही कर्ण ने अपना सुरक्षा कवच इंद्र को दान कर दिया था। ये झील करनाल में है। कई पर्यटक इस झील के सुंदर नज़ारों का आनंद लेने आते हैं।