Delhi: जहां एक समय था जब बेटियों को कमजोर समझा जाता था और उन्हें घर से बाहर निकल कर पढ़ाई करने तक की इजाजत नहीं होती थी वहीं अब समय बदल गया है और बेटियां भी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में हरियाणा की एक बेटी ने भी हरियाणा के साथ-साथ अपने परिवार का नाम भी रोशन कर दिया है।
हरियाणा के करनाल की रहने वाली प्रियंका ने दिल्ली न्यायिक परीक्षा में सफलता हासिल की है और अब प्रियंका का जज बनने का सपना पूरा हो चुका है। पूरा परिवार प्रियंका की इस सफलता पर गर्व कर रहा है और इस समय प्रियंका के घर में भी बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। आइए जानते हैं खबर को विस्तार से
हरियाणा की प्रियंका बनेगी जज
हाल ही में दिल्ली न्यायिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया है जिसमें हरियाणा के करनाल के आर के पुरम की रहने वाली प्रियंका ने 59वीं रैंक हासिल की है। प्रियंका का जज बनने का सपना पूरा हो चुका है। अब प्रियंका दिल्ली में जज के तौर पर आम लोगों की सेवा करेंगी। प्रियंका ने अपनी कड़ी मेहनत से हरियाणा का नाम भी रोशन कर दिया है।
अपनी सफलता का श्रेय प्रियंका ने अपनी मां को दिया है। प्रियंका ने बताया कि उनकी मां की काफी कम उम्र में शादी हो गई थी जिसके कारण उनकी मां ज्यादा पढ़ाई नहीं कर पाई इसलिए उनकी मां चाहती थी कि उनकी बेटी सफलता हासिल करें। प्रियंका की मां ने भी हमेशा अपनी बेटी को मोटिवेट किया जिसका परिणाम आज हम सभी के सामने है।
पिता की खुशी के भी नहीं है ठिकाने
प्रियंका के पिता हरियाणा में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं और बेटी की सफलता से अब उनकी खुशी का भी ठिकाना नहीं है। प्रियंका के पिता का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है और उन्हें पढ़ाई लिखाई कराई है। बेटी की सफलता से आसपास के लोग भी अब प्रियंका को बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं।